कार्तिक पूर्णिमा इस वर्ष 24 नवंबर, मंगलवार को कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग के शुभ संयोग में मनाई जाएगी। ज्योतिषाचार्य आचार्य राकेश झा के अनुसार, इस दिन गंगा सहित पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान, दीपदान तथा भगवान विष्णु की आराधना का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने से पूरे वर्ष गंगा स्नान के बराबर पुण्य प्राप्त होता है और स्नान के बाद दीपदान करना 10 यज्ञों के बराबर पुण्यदायी माना गया है।
आचार्य राकेश झा के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु की पूजा, सत्यनारायण व्रत कथा, गीता पाठ और मंत्र जाप का विधान है। श्रद्धालु 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप कर सकते हैं। मान्यता है कि गंगा स्नान से पापों का क्षय होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। भगवान केशव के समीप अखंड दीप जलाना भी विशेष फलदायी बताया गया है। इस दिन अन्न, धन, वस्त्र और घी के दान का भी महत्व है। जो श्रद्धालु गंगा या अन्य पवित्र नदियों में स्नान नहीं जा सकते, वे घर पर स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर और हाथ में कुश लेकर स्नान कर सकते हैं।
इस दिन भगवान विष्णु के साथ भगवान कार्तिकेय की पूजा और दर्शन का भी महत्व बताया गया है। नारद पुराण में कार्तिकेय के दर्शन को सद्गुणों की प्राप्ति और शत्रुओं पर विजय से जोड़ा गया है। कार्तिक मास की त्रयोदशी, चतुर्दशी और पूर्णिमा को अति पुष्करिणी कहा जाता है। मान्यता है कि इन तिथियों में सूर्योदय से पहले स्नान करने मात्र से कार्तिक मास के प्रतिदिन स्नान का पुण्य प्राप्त हो सकता है।
बिहार के सभी पंजीकृत मठ-मंदिरों में सत्यनारायण व्रत कथा के आयोजन की तैयारी है। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने मंदिर प्रबंधन से सामूहिक कथा आयोजित करने और स्थानीय श्रद्धालुओं को आमंत्रित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभी पंजीकृत मंदिरों को पत्र भेजा जा रहा है। उनके अनुसार, मंदिरों में सामूहिक कथा से आध्यात्मिक वातावरण बनेगा और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा मिलेगा।
