हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर के 81वें जन्मदिन के अवसर पर मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाने का प्रस्ताव पारित किया। कार्यकर्ताओं के इस प्रस्ताव के साथ ही कौल सिंह के द्रंग से 12वां चुनाव लड़ने की चर्चा बन गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौल सिंह ने कहा कि वे अब चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे, लेकिन द्रंग क्षेत्र की जनता की मांग और पार्टी हाईकमान के आदेश को उन्होंने कभी नहीं टाला है। उन्होंने कहा कि हाईकमान जो फैसला करेगा, उसे वे मंजूर होगा। उन्होंने कहा कि द्रंग में कई काबिल नौजवान हैं, जो क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

कौल सिंह ने कहा कि इससे पहले जिन युवाओं को पांच साल का मौका मिला, वे विकास के नाम पर कुछ खास काम नहीं कर पाए। विधायक पूर्ण चंद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कभी उनके साथ रहता था, वह आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्तियों का झूठा श्रेय ले रहा है। कौल सिंह ने स्पष्ट किया कि नियुक्तियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर होती थीं और सूची तैयार कर केवल सीडीपीओ कार्यालय तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाती थी।

उन्होंने देवी-देवताओं के सामने झूठी कसम खाने वालों पर भी तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोग आज उनके बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी से गए जवाहर ठाकुर भी द्रंग विधानसभा क्षेत्र के लिए कुछ नहीं कर पाए।