जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) की हत्या के मामले में बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया था कि दोनों हत्याओं का आदेश एक मस्जिद से दिया गया था। इस आरोप को किश्तवाड़ की जामा मस्जिद के इमाम और 'इस्लामी मरकज-ए-मजलिस शूरा' के चेयरमैन फारूक किचलू ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिले के इमामों से बात की और यह दावा झूठा निकला।

विधायक शगुन परिहार ने SPO बाबी चंद और रशपाल कुमार की हत्या के बाद यह भी आरोप लगाया था कि दोनों अधिकारियों के रास्ते की जानकारी आतंकियों को लीक कर दी गई थी। इमाम के बयान पर शुक्रवार देर शाम तक विधायक की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

किचलू ने शुक्रवार की नमाज के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके सूत्रों के अनुसार मस्जिद से SPO की हत्या का आदेश देने जैसी कोई बात नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि वह किश्तवाड़ की 601 मस्जिदों के इमामों का चेयरमैन हैं और उन्होंने अपने सूत्रों से पुष्टि की है कि यह सच नहीं है। इमाम ने कहा कि उनके एक छात्र ने उन्हें बताया कि जिस व्यक्ति ने सबसे पहले यह आरोप लगाया था, वह उनसे मिलना चाहता है। इमाम ने उस व्यक्ति की पहचान नहीं बताई। उनके मुताबिक, छात्र ने बताया कि उस व्यक्ति को अपनी गलती का एहसास हो गया है। इमाम ने कहा कि उन्होंने उससे सोशल मीडिया पर माफी मांगने को कहा, जिससे मामला खत्म हो जाए। इमाम ने कहा कि वह सांप्रदायिक सद्भाव के पक्षधर हैं और विधायक की टिप्पणियों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने के सुझावों का उन्होंने विरोध किया था।

इस हत्या के बाद पिछले हफ्ते पोस्ट किए गए एक वीडियो में कुछ अज्ञात स्थानीय लोग विधायक के सामने मस्जिद से ऐलान का आरोप लगाते हुए दिखे थे, जिसके बाद विधायक ने इस बात को सार्वजनिक किया था। गुरुवार को विधायक दचन के लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल को लेकर उपराज्यपाल मनोज सिनाा से मिलीं। दचन में ही दोनों एसपीओ रहते थे।