जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को चारों ओर से घेर लिया है। आतंकी ने देवसर के जांगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में शरण ली हुई है।
कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने मीडियाकर्मियों को बताया कि सुरक्षाबलों ने लतीफ को आत्मसमर्पण के लिए बार-बार समझाने की कोशिश की। उन्होंने खुद वीडियो कॉल पर उससे काफी देर बातचीत की और समझाया कि वह अभी युवा है और उसकी जिंदगी बाकी है, लेकिन वह नहीं माना। एसएसपी के अनुसार, बाद में लतीफ मस्जिद के अंदर चला गया और कई बार एलान करने के बाद भी उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। रात करीब 2 बजकर 45 मिनट पर उसने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
एसएसपी ने बताया कि आतंकी के मस्जिद के अंदर से गोलीबारी करने के कारण सुरक्षाबल बेहद संयम बरत रहे हैं और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय आने पर आतंकी को निष्क्रिय कर दिया जाएगा और अगर इसमें अधिक समय लगता है तो भी कोई परेशानी नहीं है। सुरक्षाबलों को उम्मीद है कि आतंकी या तो खुद मस्जिद से बाहर आ जाएगा या फिर अन्य तरीकों से उससे निपटा जाएगा। इस दौरान मस्जिद को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में लतीफ का साथी और कुलगाम सीआरपीएफ टीम पर हमले में शामिल नसीर डार मारा गया था, जबकि लतीफ भट शुरुआती घेराबंदी से बचकर भाग निकला था। अधिकारियों के अनुसार, लतीफ के छिपे होने की सूचना पर रविवार दोपहर से अभियान चलाया जा रहा था।
