दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया। वह सीआरपीएफ टीम पर हुए हमले में शामिल था और बुधवार को मुठभेड़ के दौरान देवसर के जांगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिप गया था।
कुलगाम के एसएसपी इनायत अली के अनुसार, सुरक्षाबलों ने घिरे हुए लतीफ को बार-बार आत्मसमर्पण के लिए समझाने की कोशिश की। एसएसपी ने बताया कि उन्होंने खुद लतीफ से वीडियो कॉल पर काफी देर तक बातचीत की और उसे समझाया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह अभी बहुत युवा है, लेकिन वह नहीं माना। लतीफ ने आत्मसमर्पण से इनकार करते हुए मस्जिद के अंदर से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
एसएसपी ने कहा कि मस्जिद को ध्यान में रखते हुए अधिकतम संयम बरता गया और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया गया।
कुलगाम हमले में शामिल दूसरा लश्कर आतंकी उमर निसार डार सोमवार को ही एक मुठभेड़ में मारा जा चुका है। जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा शेयर किए गए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, 10 नवंबर को लतीफ भट और उमर निसार डार ने मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम में रेकी की थी। 11 नवंबर को दोनों ने अखरान में सीआरपीएफ के एक नाके पर हमला किया, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे।
