हिमाचल प्रदेश में खाली मंत्री पद को लेकर कुल्लू में सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के भीतर कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने की चर्चाओं के बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की इंटरनेट मीडिया पोस्ट ने इस मुद्दे को और हवा दे दी है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में कुल्लू को मिले दोहरे राजनीतिक नेतृत्व की याद दिलाकर मौजूदा सरकार में जिले की हिस्सेदारी का सवाल उठाया है।
विक्रमादित्य सिंह ने लिखा है कि देवभूमि कुल्लू की अपनी अलग राजनीतिक पहचान और महत्व है। स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की सरकारों में कुल्लू को दोहरे नेतृत्व देकर इस क्षेत्र का मान बढ़ाया गया था। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखते हुए जिले को सत्ता में उसकी उचित हिस्सेदारी जरूर प्रदान करेगी। इस पोस्ट को सुक्खू सरकार के सामने क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व की अपेक्षा के रूप में देखा जा रहा है।
सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से उनके समर्थकों में नाराजगी है और कार्यकर्ता इस्तीफे तक की चेतावनी दे चुके हैं। विधायक ने 11 दिसंबर के बाद बड़ा फैसला लेने के संकेत दिए हैं, जबकि सरकार के प्रति उनके तल्ख बयानों ने भी चर्चाओं को तेज किया है। अब विक्रमादित्य की पोस्ट से इस मुद्दे को नया राजनीतिक आधार मिल गया है।
एक ओर कुल्लू की सत्ता में हिस्सेदारी का सवाल है, दूसरी ओर खाली मंत्री पद को भरने का दबाव। ऐसे में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस आलाकमान के सामने क्षेत्रीय संतुलन के साथ पार्टी की अंदरूनी नाराजगी संभालने की चुनौती है। अब देखना होगा कि कुल्लू को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिलता है या सियासी इंतजार और लंबा होता है।
