भाजपा उत्तराखंड में जन विश्वास यात्रा निकालेगी, जिसमें कुल 2488 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा और 26 जनसभाएं आयोजित होंगी। पार्टी की प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने बताया कि गढ़वाल क्षेत्र की यात्रा 25 दिसंबर को उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम से शुरू होकर नौ जनवरी 2027 को देहरादून में संपन्न होगी। वहीं, कुमाऊं क्षेत्र की यात्रा 27 दिसंबर को चंपावत विधानसभा क्षेत्र के गोलू देवता मंदिर से शुरू होकर सात जनवरी 2027 को हल्द्वानी में संपन्न होगी।

स्वराज के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य हर विधानसभा क्षेत्र में जनता से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और भाजपा के विकास एवं जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस बीच हरिद्वार में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता और टीमवर्क का मंत्र दिया। उन्होंने उत्तराखंड के लोकगीत का जिक्र करते हुए कहा कि संगठन को प्रदेश की लोकसंस्कृति और जनभावनाओं से जुड़कर काम करना होगा। मेनन ने कहा कि युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और किसान मोर्चा अपने-अपने वर्गों के बीच सक्रिय भूमिका निभाएं और सभी मोर्चे पूर्व पदाधिकारियों को भी सक्रिय कर मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक संगठन मजबूत करें।

उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान योजना, सीमांत सड़क योजना, घस्यारी योजना, नंदा गौरा योजना, वात्सल्य योजना और पूर्व सैनिकों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। छोटी बैठकों और व्यक्तिगत संवाद से अधिकाधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि टीमवर्क के बूते उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए जुटना होगा।