राजसमंद जिले की देलवाड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है, लेकिन प्रधान पद के लिए पात्र एससी महिला सदस्य न होने से पार्टी अपना दावा मजबूत नहीं कर पा रही है। 15 वार्डों में से कांग्रेस ने 9 सीटें जीती हैं, भाजपा को 5 और आरएलपी को एक सीट मिली है। प्रधान पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है, और कांग्रेस के जीते प्रत्याशियों में एक भी एससी महिला नहीं है।
कांग्रेस की प्रधान पद की प्रमुख दावेदार मानी जा रही वार्ड-6 की वंदना खटीक को भाजपा की रानी देवी खटीक ने 263 मतों से हरा दिया। रानी देवी को 1414 और वंदना को 1151 वोट मिले। दोनों एससी वर्ग से हैं। वंदना की हार के साथ कांग्रेस के पास प्रधान पद के लिए पात्र महिला सदस्य नहीं बची है।
देलवाड़ा में एससी महिला वर्ग से जीतने वाली दो प्रत्याशियों में भाजपा की रानी देवी खटीक और आरएलपी की कृष्णा शामिल हैं। रानी देवी वार्ड-6 से निर्वाचित हुई हैं, जबकि कृष्णा वार्ड-9 से जीती हैं। कृष्णा नाथद्वारा तहसील की सालौर ग्राम पंचायत के धोली मंगरी, मोगाना गांव की निवासी हैं। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में आरएलपी की एकमात्र सदस्य की भूमिका निर्णायक हो सकती है।
राजसमंद कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह का कहना है कि देलवाड़ा में कांग्रेस को बहुमत मिला है, इसलिए बोर्ड भी कांग्रेस का ही बनेगा। उनका दावा है कि आरएलपी से जीतीं कृष्णा भी पहले कांग्रेस से जुड़ी रही हैं। उनके अनुसार चुनाव में अभी कुछ दिन बाकी हैं और आगे की स्थिति उसी दौरान स्पष्ट होगी। भाजपा के पास पात्र एससी महिला सदस्य है, जबकि कांग्रेस को प्रधान पद तक पहुंचने के लिए दूसरे दल की विजयी प्रत्याशी के समर्थन का रास्ता तलाशना होगा।
