कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में लॉरेन डार्कसन के नेतृत्व वाली नई कंजर्वेटिव सरकार के मंत्रिमंडल में पंजाबी मूल के तीन नेताओं को जगह मिली है। जस्सी सहोता को सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री बनाया गया है, जबकि हरमन भंगू को श्रम विभाग का राज्यमंत्री और जीशान वाहला को आवास विभाग का राज्यमंत्री नियुक्त किया गया है। इसके अलावा चार अन्य पंजाबी मूल के नेताओं को संसदीय सचिव बनाया गया है।
मध्यावधि चुनाव में जीत के करीब एक महीने बाद कंजर्वेटिव पार्टी ने सरकार का गठन किया। 20 नवंबर को मुख्यमंत्री लॉरेन डार्कसन समेत 24 मंत्रियों और 12 संसदीय सचिवों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। ब्रिटिश कोलंबिया में 24 अक्टूबर को हुए प्रांतीय चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी ने 93 सदस्यीय विधानसभा में 64 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। इस जीत के साथ ही प्रांत में न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपी) के नौ साल के शासन का अंत हो गया।
संसदीय सचिव बनाए गए नेताओं में स्टीव कूनर को ब्रिटिश कोलंबिया इंश्योरेंस कॉरपोरेशन, मनदीप धालीवाल को खेल एवं संस्कृति, जोडी तूर को पर्यटन और हरज धालीवाल को ट्रांसलिंक विभाग से संबंधित जिम्मेदारी सौंपी गई है।
