कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शनिवार को आगरा के रोहता नहर चौराहा स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित '27 का शंखनाद' कार्यक्रम में भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर दशकों तक राजनीति और सत्ता का व्यापार करने वाली भाजपा अब मथुरा को राजनीतिक दंगल बनाने में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या में मंदिर निर्माण के बाद भाजपा वहां चुनाव हार गई, और मथुरा में ऐसी गलती न दोहराने की चेतावनी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहकर जनता को भाजपा के छल से बचाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर वोट और चंदा चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि झूठ और छल के सहारे सत्ता तक पहुंचने वाली सरकार की असलियत जनता समझ चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा। आगरा की औद्योगिक पहचान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ताजमहल, पेठा और चमड़ा उद्योग इस शहर की पहचान हैं, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों से एमएसएमई क्षेत्र कमजोर हुआ है और युवा रोजगार के लिए दूसरे शहरों में जाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर आगरा के जूता और चमड़ा उद्योग के साथ फिरोजाबाद के कांच उद्योग को भी नई जिंदगी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आगरा की राजनीतिक जमीन लंबे समय से बंजर पड़ी है और वह इसमें बीज डालने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिल रहा है और आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए सरकार ने किसानों को डंडा थमाने के अलावा कुछ नहीं किया। महंगाई और बेरोजगारी से युवाओं के परेशान होने की बात कहते हुए उन्होंने राहुल गांधी के समर्थन में कहा कि वह जनता के अधिकार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं। कार्यक्रम में बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने कहा कि भाजपा शासन में किसान और नौजवान परेशान हैं तथा सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस शासन में गरीब और मजदूर के बेटे को भी आगे बढ़ने का अवसर मिला, जबकि भाजपा सरकार में मजदूरों के अधिकार कमजोर किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी की बृज जोन प्रदेश अध्यक्ष हृदेश चौधरी, भाजपा के कृष्ण मुरारी अग्रवाल, आजाद समाज पार्टी के अटल सागर, बसपा के यशवंत भास्कर और रालोद की अनीता चाहर समेत कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश डागुर के बीच माइक को लेकर कहासुनी हो गई, जिसे वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर शांत कराया।
