पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने दिल्ली के पुराना किला में आयोजित SCO सभ्यतागत संवाद मंच पर मुगल शासक हुमायूं और अफगान शासक शेरशाह सूरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुराना किला इतिहास की कई परतों की कहानी कहता है। मलिक ने बताया कि किले की नींव हुमायूं ने रखी थी, जो मध्य एशिया के तैमूरी वंश से जुड़े थे, और बाद में शेरशाह सूरी ने इसका निर्माण आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा, "एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी यानी दो शासक और एक किला, जिसमें इतिहास की दो परतें हैं।"

अपने भाषण में पाकिस्तानी मंत्री ने सभ्यताओं के बीच बातचीत और अलग-अलग संस्कृतियों को अपनाने की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संवाद अलग-अलग पहचानों और विविधताओं के बीच होता है, और इसके लिए विचारों का खुलकर आदान-प्रदान जरूरी है।

भारत 20 से 22 नवंबर तक पुराना किला में तीन दिवसीय SCO सभ्यतागत सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम इसका उद्घाटन किया। सम्मेलन में पाकिस्तान समेत SCO के कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। गौरतलब है कि 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव बना हुआ है, ऐसे माहौल में पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा खास माना जा रहा है।

पुराना किला दिल्ली के प्राचीन शहर इंद्रप्रस्थ के स्थल पर बना है। इसका विशाल प्रवेश द्वार और दीवारें हुमायूं के शासनकाल में बनाई गई थीं, जिन्होंने यहां अपनी नई राजधानी दीनपनाह की नींव रखी थी। बाद में शेरशाह सूरी ने निर्माण कार्य आगे बढ़ाया और किले में कई बदलाव किए।