राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को मऊ के मधुबन स्थित गांधी मैदान में आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित जनसंवाद सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर शिक्षा, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और धार्मिक ध्रुवीकरण जैसे मुद्दों को लेकर हमला बोला और भाजपा पर निशाना साधा।

सिंह ने कहा कि भाजपा का नारा है कि अनपढ़ रहेगा इंडिया तो अंधभक्त बनेगा इंडिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह उमड़ा जनसमूह इस बात का संकेत है कि शहीदी धरती ने आगामी चुनाव में परिवर्तन का मन बना लिया है। उनके अनुसार देश गोडसे के रास्ते पर नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के रास्ते पर चलेगा।

सांसद ने कहा कि चुनाव आते ही लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश की जाती है और ऐसे लोगों को सबक सिखाने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 27 हजार स्कूल बंद हो गए, जबकि गांव-गांव में 27 हजार मधुशालाएं खोलकर लोगों को बर्बादी की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चंद पूंजीपतियों के 17 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए गए और जल जीवन मिशन के नाम पर 30 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है।

सिंह ने कहा कि प्रदेश में बिजली की समस्या उठाने पर जय श्रीराम का नारा लगाया जाता है, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं और युवाओं के हक की आवाज उठाने पर उन पर लाठियां चलाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर के नाम पर जनता की आस्था से खिलवाड़ करने वालों का बहिष्कार किया जाना चाहिए और आम आदमी पार्टी अन्याय तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। इस मौके पर प्रांतीय अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से पूरा देश परेशान है। कार्यक्रम में शाह आलम, जयराम यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।