पटना/रांची/दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने ओबीसी मोर्चा में राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्यों और विशेष आमंत्रित सदस्यों की नियुक्ति की गई। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य की ओर से जारी नोटिस के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
नई सूची के मुताबिक ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में बिहार और झारखंड के कुल छह नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बिहार से डॉ. अर्जुन सहनी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भीम कुमार साहू को राष्ट्रीय मंत्री, अजय गुप्ता को मीडिया संयोजक और राजीव रंजन (विशाल यादव) को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। झारखंड से संजीव कुमार (बबलू भगत) को राष्ट्रीय मंत्री और देव नारायण प्रजापति को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर असम से जोगेन मोहन, ओडिशा से ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश से संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र से बबनराव राजी चौधरी, दिल्ली से सत प्रकाश राणा, बिहार से डॉ. अर्जुन सहनी और उत्तर प्रदेश से संगीता बलवंत बिंद को नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर दिल्ली से राजेन्द्र यादव, कर्नाटक से प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ से ललित गंगराकार को जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी ने देश के विभिन्न राज्यों के नेताओं को राष्ट्रीय मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री, मीडिया और सोशल मीडिया संयोजक तथा नीति एवं शोध संयोजक जैसे पदों पर भी नियुक्त किया है। राष्ट्रीय कार्यसमिति में भी अलग-अलग राज्यों के सदस्यों को शामिल किया गया है, जबकि कुछ नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जगह दी गई है। संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक तैयारियों के लिहाज से इन नियुक्तियों को अहम माना जा रहा है।
