चेन्नई: सनराइजर्स हैदराबाद की मालिक और तमिलनाडु के उद्योगपति कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन के वेडिंग रिसेप्शन में कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। चेन्नई के आईटीसी ग्रैंड चोला में आयोजित इस रिसेप्शन में मुख्यमंत्री विजय और सुपरस्टार रजनीकांत की मुलाकात सबसे चर्चित पल रही। विजय ने मुस्कुराते हुए रजनीकांत का अभिवादन किया और उनके साथ तस्वीर खिंचवाई। इस मौके पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम के स्टालिन भी एक ही फ्रेम में नजर आए, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं।

थलपति विजय ने नेवी ब्लू बंदगला सूट में पहुंचकर नवविवाहित जोड़े अनिरुद्ध और काव्या को फूलों का गुलदस्ता देकर बधाई दी और उनके साथ फोटो खिंचवाई। समारोह में रजनीकांत अपनी पत्नी लता रजनीकांत के साथ शामिल हुए, जबकि कमल हासन, एटली, भुवनेश्वर कुमार और कई अन्य हस्तियां भी मौजूद रहीं।

तमिलनाडु में विजय की जीत के बाद यह चर्चा सामने आई थी कि रजनीकांत खुश नहीं हैं। इस पर 17 मई को चेन्नई के पोएस गार्डन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रजनीकांत ने विजय के मुख्यमंत्री बनने और उनके बीच कथित जलन या प्रतिस्पर्धा की अफवाहों को खारिज किया था। रजनीकांत ने कहा था कि उन्हें विजय से कोई जलन या प्रतिद्वंद्विता नहीं है और वे उनके राजनीतिक विरोधी नहीं हैं। उन्होंने बताया था कि वे विजय को बचपन से जानते हैं।

रिसेप्शन में दोनों दिग्गजों के मिलने के बाद 80 के दशक की एक तस्वीर वायरल हो गई, जिसमें विजय रजनीकांत के साथ खड़े हैं और तब वह बहुत छोटे थे। विजय ने हमेशा रजनीकांत को एक वरिष्ठ आइकन और प्रेरणा के रूप में सम्मान दिया है, जबकि रजनीकांत ने विजय की मेहनत और सफलता की सराहना की है। फैंस और सोशल मीडिया पर कई बार दोनों के बीच तुलना या प्रतिस्पर्धा की बातें चलती रही हैं, लेकिन दोनों सितारों ने सार्वजनिक मंचों पर गरिमापूर्ण व्यवहार बनाए रखा है। फैंस ने इस मुलाकात पर अपनी प्रतिक्रियाएं भी साझा की हैं।