मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पंचूर गांव में अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी। इस दौरान एक ओर संन्यासी का संयम दिखा, तो दूसरी ओर पुत्र का प्रेम आंखों से छलकता रहा। मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे योगी बार-बार भावुक होते दिखे और अपने आंसू पोंछते रहे।

अंतिम विदाई से पहले की पूरी रात योगी आदित्यनाथ मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। मां का चेहरा निहारते हुए वह मौन रहे। इस दौरान उनकी नजरें बार-बार मां के चेहरे पर ठहर जातीं। कभी वह उंगलियों से आंसू पोंछते, तो कभी गले में पड़े गमछे से पलकों की नमी छिपाने का प्रयास करते।

मां की अंतिम यात्रा शुरू हुई तो योगी कंधा देने के लिए आगे बढ़े। कदम आगे बढ़ रहे थे, लेकिन आंखों में आंसू बार-बार उमड़ रहे थे। संन्यासी की भूमिका उन्हें मजबूत रहने का संदेश दे रही थी, लेकिन पुत्र का मन बार-बार भावुक हो उठता था। भगवा वस्त्रों में लिपटा संन्यासी उस समय न मुख्यमंत्री था, न गोरक्षपीठ पीठाधीश्वर, बल्कि मां के सामने बैठा एक बेटा था।

संन्यास ने अजय सिंह बिष्ट को योगी आदित्यनाथ बनाया और उन्हें मोह-माया से ऊपर उठाया, लेकिन मां के प्रति पुत्र का भाव कभी समाप्त नहीं हुआ। शनिवार को पंचूर में यही मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जहां भगवा वस्त्रों में एक संन्यासी अपनी मां को अंतिम विदाई दे रहा था, और भीतर एक बेटा मां की ममता से बिछड़ रहा था।