लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड की 379 ग्रामीण महिलाएं बतख पालन को अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और सालाना लाखों रुपये कमा रही हैं। सेमरा, भंडरा धनामुजी, अकाशी और तिलसिरी गांव की ये महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर संगठित रूप से यह व्यवसाय कर रही हैं। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी ने उन्हें 80 प्रतिशत अनुदान पर बतख के चूजे उपलब्ध कराए और आधुनिक तरीके से पालन-पोषण, टीकाकरण तथा बाजार प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया।
कुछ समय पहले तक ये महिलाएं पारंपरिक खेती और घरेलू कामकाज तक सीमित थीं, जिससे परिवार की आर्थिक जरूरतें मुश्किल से पूरी हो पाती थीं। स्वयं सहायता समूहों और आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद इनके जीवन में बड़ा बदलाव आया। इन्हें कम ब्याज दर पर पूंजी भी मिली। आज प्रत्येक महिला उद्यमी के पास 70 से 80 बतखें हैं, जिनसे उन्हें सालाना लाखों रुपये की अतिरिक्त आमदनी हो रही है।
धनामुजी गांव की फुलमनी उरांव इस सफलता की मिसाल हैं। उन्होंने महज पांच हजार रुपये के छोटे से ऋण से बतख पालन शुरू किया था। शुरुआती चुनौतियों को पार करते हुए आज यह उनका सफल व्यवसाय बन चुका है। धोबाली गांव की बुद्धमनिया उरांव व सुकरमनी उरांव तथा भौंरो गांव की कुंती देवी व फुलमनी उरांव के जीवन स्तर में भी इस पहल से सुधार आया है।
बतख पालन से जुड़ी इन महिलाओं ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है और परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाया है। अब ये बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और घर की अन्य जरूरतें पूरी करने में सक्षम हैं। बीपीएम अभिलाषा कुमारी के अनुसार, स्वयं सहायता आजीविका समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं को उनकी योग्यता और कार्य क्षमता के अनुरूप रोजगार से जोड़ा जा रहा है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना है।
