मैनचेस्टर के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि अमेरिकी रैपर डान टोलिवर के एक कंसर्ट में भीड़ के बीच अज्ञात हानिकारक पदार्थ छोड़े जाने के बाद 12,000 से अधिक लोगों को वहां से बाहर निकालना पड़ा और 80 से अधिक लोगों का इलाज किया गया।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात लगभग 10 बजे (स्थानीय समय) उन्हें 'को-आप लाइव एरिना' से सूचना मिली कि कुछ लोग किसी पदार्थ की चपेट में आ गए हैं। शुरुआत में इसे आंसू गैस माना जा रहा था। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित फुटेज में कंसर्ट में आए लोग खांसते हुए और अपना मुंह ढकते हुए बाहर निकलते दिखाई दिए। पुलिस ने इसे बड़ी घटना करार दिया, जिससे अलग-अलग आपातकालीन सेवाओं को मिलकर काम करने में मदद मिली।
कंसर्ट में मौजूद बेन स्टीवेंसन ने बताया कि वह एरिना के स्टैंडिंग एरिया में थे, तभी उन्हें खांसी आने लगी और आंखों में खुजली होने लगी। टोलिवर स्टेज से चले गए और वेन्यू की लाइटें जल गईं, लेकिन लगभग एक घंटे बाद एक घोषणा की गई कि किसी अप्रत्याशित समस्या के कारण शो खत्म हो गया है, कृपया आराम से बाहर निकल जाएं।
कंसर्ट में मौजूद जोई होवे ने बताया कि वहां बहुत भयानक बदबू आ रही थी और लोग जल्दी-जल्दी वेन्यू से बाहर निकलने लगे।
