पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमानों का निर्माण ही आधी लड़ाई है; इन्हें हर समय युद्ध के लिए तैयार रखना वायुसेनाओं के लिए उतना ही कठिन काम है। चीन के चेंगदू जे-20 विमान पर हुए एक हालिया चीनी अध्ययन में यह चुनौती सामने आई है। इंटरेस्टिंग इंजीनियरिंग के अनुसार, प्रयोगशाला परीक्षणों में शोधकर्ताओं ने पाया कि रडार तरंगों को सोखने वाली सामग्री यानी रडार-एब्जॉर्बिंग कोटिंग के महज 10 प्रतिशत हिस्से के खराब होने से उस सामग्री से टकराकर वापस लौटने वाली माइक्रोवेव ऊर्जा की मात्रा लगभग दोगुनी हो गई।

शोधकर्ताओं ने खरोंच, सतह की घिसावट और परत उखड़ने का कोटिंग की रडार तरंगों को सोखने की क्षमता पर पड़ने वाले असर की जांच की। इसके लिए कार्बोनिल आयरन पाउडर और सिलिकॉन रेजिन से बनी मिश्रित सामग्री को टाइटेनियम मिश्र धातु की प्लेटों पर लगाकर 2 से 18 गीगाहर्ट्ज तक की फ्रीक्वेंसी पर परखा गया। प्रयोगों में हल्की खरोंचों का प्रभाव सीमित रहा, लेकिन गहरी घिसावट और कोटिंग के उखड़ने से रडार तरंगों को सोखने की क्षमता काफी कमजोर हो गई। कोटिंग हटने पर नीचे की धातु दिखने लगी, जिससे अधिक इलेक्ट्रोमैग्नेटिक ऊर्जा परावर्तित हुई और क्षतिग्रस्त तथा सुरक्षित हिस्सों की सीमाओं पर तरंगों का बिखराव व डिफ्रैक्शन भी बढ़ गया।

अध्ययन में जे-20 पर इस्तेमाल होने वाली वास्तविक स्टील्थ कोटिंग का परीक्षण नहीं किया गया, बल्कि यह दिखाया गया कि रडार-रोधी सामग्री को होने वाला नुकसान उसके प्रदर्शन को कैसे प्रभावित कर सकता है। इसमें कहा गया है कि स्टील्थ विमानों की उन्नत क्षमताएं कई जुड़े सिस्टम पर निर्भर करती हैं, इसलिए इनके इंजन, हथियार और एवियोनिक्स के साथ-साथ रडार से छिपाने वाली खासियतों को बनाए रखने के लिए भी विशेष रखरखाव जरूरी होता है।

उदाहरण के तौर पर अमेरिकी वायुसेना के एफ-22 रैप्टर की रडार-रोधी कोटिंग पेंट की साधारण परत नहीं, बल्कि सामग्रियों की विशेष प्रणाली है, जिसे सावधानी से लगाना, जांचना और मरम्मत के बाद बहाल करना पड़ता है। अमेरिकी सरकारी जवाबदेही कार्यालय (GAO) की जून 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, एफ-35 बेड़े की मिशन-कैपेबल रेट वित्त वर्ष 2021 के 67 प्रतिशत से घटकर वित्त वर्ष 2025 में 44 प्रतिशत रह गई, जबकि फुल मिशन-कैपेबल रेट 38 प्रतिशत से गिरकर 25 प्रतिशत पर आ गई। जीएओ ने स्पेयर पार्ट्स की कमी, पुर्जों की मरम्मत में देरी, जंग लगने और रखरखाव के अप्रभावी तरीकों को प्रमुख कारण बताया है।