मणिपुर में जहरीली स्थानीय शराब पीने से शनिवार को 3 और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 18 हो गई है। इससे पहले शुक्रवार को 15 लोगों की मौत हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, 1,000 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थौबल जिले के यैरिपोक, चंदेल, काकचिंग, सुगनू और चकपीकारोंग सहित कई इलाकों के लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि कुछ मरीजों की हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
इस बीच, केंद्र सरकार ने देश में मंजूर दवाओं के पुराने और बिखरे रिकॉर्ड को एक जगह लाने की पहल शुरू की है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) स्वीकृत दवाओं का समेकित राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार कर रहा है। इसके लिए फार्मा कंपनियों और उद्योग संगठनों से 1988 से पहले मंजूर दवाओं के अप्रूवल रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। जानकारी के मुताबिक, इसमें फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन के रिकॉर्ड भी शामिल किए जाएंगे।
वहीं, राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री के वॉलेट से 1.37 करोड़ रुपये कीमत का 1.04 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, 20 नवंबर को मिली विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर दुबई से मस्कट होते हुए हैदराबाद पहुंचे एक यात्री को रोका गया। जांच में उसके ट्रॉली बैग में रखे वॉलेट से सोने की नौ छड़ें बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 1,049.76 ग्राम था। सोना 24 कैरेट और 999 शुद्धता का था तथा उस पर यूएई की मार्किंग थी। पूछताछ में यात्री ने बताया कि उसे यह सोना एयरपोर्ट के आगमन टर्मिनल के बाहर इंतजार कर रहे एक अन्य व्यक्ति को सौंपना था, जिसके बाद उसे भी पकड़ लिया गया।
दिल्ली के रघुबीर नगर में शनिवार शाम एक घर में आग लगने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और बहू झुलस गए। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है, जबकि घायलों में बेटा ध्रुव (21) और बहू नीति (21) शामिल हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे घर की पहली मंजिल पर आग लगी और देखते ही देखते धुआं पूरे घर में फैल गया, जिससे परिवार के सदस्य अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने ध्रुव और नीति को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि सुनीता एक कमरे में फंसी रह गईं।