प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एक दिन में तीन राज्यों के दौरे पर रहे। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में उन्होंने पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया और कहा कि जिनके पास स्किल है, उनका रोजगार कोई एआई नहीं छीन सकता। इस दौरान पीएम ने देशभर से आए 52 नेशनल टॉपर्स को सम्मानित भी किया। उनका पश्चिम बंगाल और बिहार का दौरा भी कार्यक्रम में शामिल रहा।
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी की चर्चाओं के बीच हिंसक घटनाएं जारी हैं। नराइल जिले में अवामी लीग के नेताओं, पूर्व सांसदों और समर्थकों के करीब 50 घरों और दुकानों में आग लगाई गई। रिपोर्ट के मुताबिक 15 से 20 नवंबर के बीच गोपालगंज, चटगांव और सिलहट समेत कई जगहों पर आगजनी और हमले की छह घटनाएं हुईं, जिनमें पुलिस थानों, बैंक शाखा और नेताओं के घरों को निशाना बनाया गया।
क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने शनिवार को भाजपा जॉइन की। उन्हें पार्टी की नई नेशनल ओबीसी मोर्चा कार्यकारिणी में स्पेशल इनवाइटी बनाया गया है। भाजपा ने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की है, जिसमें 7 उपाध्यक्ष, 3 राष्ट्रीय महामंत्री, 7 राष्ट्रीय सचिव और 37 राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाए गए हैं। चहल ने इसी साल 2 अक्टूबर को फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्याद लिया था और कहा था कि वे वनडे और टी-20 क्रिकेट खेलते रहेंगे।
देश के उत्तरी राज्यों में सर्दी बढ़ने लगी है। राजस्थान के माउंट आबू में शनिवार को तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि यूपी में कोहरे का अलर्ट है। झारखंड में तूफान अकवान के असर से बारिश हुई और रांची से 20 फ्लाइट कैंसिल कर दी गईं। तमिलनाडु के कंधाल, ग्लेनमोर्गन और थलैकुंधा जैसे इलाकों में सुबह पाला जमने लगा है और नीलगिरि में शीतलहर का असर है। ऊटी में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया।
