मऊ के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के रामपुर चकिया के पास बुधवार रात लगभग 10 बजे पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश सफीउद्दीन उर्फ छोटू पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट गांव का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मोबाइल और नकदी बरामद हुई है। वह दक्षिणटोला थाने में दर्ज बाइक चोरी और धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के मुकदमे में वांछित था।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने साथी फैयाज अहमद उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करता था। पकड़े जाने से बचने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बेच देते थे और रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित पर चोरी, गैंगस्टर और एनडीपीएस समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
