मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम स्पाइसजेट की कई उड़ानों में देरी हुई। शाम 7 बजे के बाद एयरलाइन की कोई उड़ान नहीं भरी। इस कारण सैकड़ों यात्रियों को करीब 9 घंटे इंतजार करना पड़ा। बुधवार सुबह करीब 4 बजे कुछ उड़ानों ने उड़ान भरी।

यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन ने देरी की वजह और उड़ान के नए समय की सही जानकारी नहीं दी। इससे नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर के बाहर हंगामा और नारेबाजी की। स्पाइसजेट ने प्रभावित यात्रियों को रिफंड देने की पेशकश की है और 7 दिनों के भीतर पैसा खाते में भेजने का आश्वासन दिया है। ताजा घटना पर कंपनी ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

इससे पहले सोमवार को भी मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर स्पाइसजेट की उड़ानों को लेकर परेशानी हुई थी। यात्रियों ने आरोप लगाया था कि उन्हें टर्मिनल में एंट्री नहीं दी गई और फ्लाइट की स्थिति की जानकारी भी नहीं मिली। लगातार दूसरे दिन अव्यवस्था के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी। दिल्ली एयरपोर्ट ने भी 13 नवंबर को स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी और रद्द होने की आशंका को लेकर एडवाइजरी जारी की थी।

डीजीसीए के सितंबर के आंकड़ों के मुताबिक, स्पाइसजेट की 20% से ज्यादा निर्धारित उड़ानें रद्द हुईं, जबकि समय पर उड़ान भरने की दर सिर्फ 16.6% रही। इस दौरान करीब 36 हजार यात्रियों को दो घंटे से ज्यादा की देरी का सामना करना पड़ा और 21,700 यात्री उड़ानें रद्द होने से प्रभावित हुए। रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पाइसजेट के बेड़े में अब सिर्फ 12 से 13 विमान बचे हैं और सितंबर में घरेलू विमानन बाजार में उसकी हिस्सेदारी घटकर 0.6% रह गई।

कंपनी की परिचालन संबंधी परेशानियां भी सामने आई हैं। पिछले हफ्ते बकाया भुगतान न मिलने के कारण दुबई की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनाटा ने चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं। स्पाइसजेट पर कंपनी का करीब 35.8 करोड़ रुपए बकाया था, जिसके चलते दुबई से आने-जाने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।