मुजफ्फरनगर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले और अवैध हथियार रखने के 17 साल पुराने मामले में अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-1 ने चार आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया है। न्यायालय ने अभियोजन पक्ष द्वारा पेश साक्ष्यों को अपर्याप्त और अविश्वसनीय माना।

अभियोजन के अनुसार, 21 दिसंबर 2009 को एसआइ अमन सिंह एंटी आटो थीफ्ट सेल की टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में निकले थे। रोडवेज बस स्टैंड के पास सूचना मिली कि जीआईसी मैदान में पुराने स्टेज के पास सात-आठ बदमाश बैठे हैं, जो बसों में यात्रियों के बैग और अटैची चोरी करने वाला गिरोह बताया गया। पुलिस का दावा था कि बदमाशों ने पुलिस को देखते ही जान से मारने की नीयत से दो फायर किए, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सुबह करीब 5:20 बजे सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तमंचे, कारतूस, चाकू, नकदी और मोबाइल फोन बरामद होने का दावा किया था।

इस मामले में वसीम, राशिद, सरफराज, सलीम, इमरान उर्फ वकील, शमशाद और अखलाक के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। इमरान की पत्रावली 18 सितंबर 2012 को अलग कर दी गई थी, जबकि राशिद की पत्रावली 21 मार्च 2018 को अलग हुई। शमशाद की मृत्यु के बाद 21 मार्च 2022 को उसके खिलाफ कार्रवाई समाप्त कर दी गई थी।

न्यायालय ने सुनवाई के दौरान पाया कि घटना स्थल सार्वजनिक स्थान होने के बावजूद किसी स्वतंत्र गवाह को पेश नहीं किया गया। पुलिसकर्मियों के बयानों में फायरिंग, गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर विरोधाभास है। पुलिस पर फायरिंग के बावजूद किसी के घायल होने का प्रमाण नहीं मिला और मौके से खोखे बरामद होने का विश्वसनीय साक्ष्य भी पेश नहीं किया गया। इसके चलते अभियोजन मुकदमे को साबित करने में विफल रहा। न्यायालय ने वसीम, अखलाक सैफी, सलीम और सरफराज को दोषमुक्त कर दिया।