दिल्ली की एक फास्ट ट्रैक कोर्ट ने शनिवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। इन आरोपियों में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने पेश किया गया, जहां उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही।

कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और सबूत नष्ट करने के आरोप तय किए हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत भी आरोप लगाए गए हैं। विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने 18 नवंबर को सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया था और आरोपियों को 21 नवंबर को न्यायिक हिरासत से व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था। मामले की रोजाना सुनवाई 25 नवंबर से शुरू होगी।

NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। एजेंसी ने 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की थी। पेपर लीक से जुड़ी कथित साजिश के मामले में 14 लोगों को आरोपी बनाया गया है।