भारतीय सेना मेरठ छावनी स्थित मिलिट्री हास्पिटल में 21 से 25 नवंबर तक 13वें एडवांस्ड मेगा सर्जिकल आई कैंप 'आपरेशन दृष्टि' का आयोजन कर रही है। इस शिविर में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की मोतियाबिंद की निःशुल्क सर्जरी की जाएगी। शिविर में दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम सेवाएं देगी और अभियान का नेतृत्व ब्रिगेडियर एसके मिश्रा करेंगे।
शिविर में 300 से अधिक पूर्व सैनिकों और आश्रितों की मोतियाबिंद की निःशुल्क सर्जरी की जाएगी। इसके साथ ही आंखों की जांच, विशेषज्ञ परामर्श तथा ग्लूकोमा और रेटिना संबंधी बीमारियों की जांच की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। सेना के विशेषज्ञ चिकित्सक आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के जरिए मरीजों की जांच और आवश्यकतानुसार सर्जरी करेंगे।
इस शिविर का लाभ मेरठ के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के जिलों के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को भी मिलेगा। मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को शिविर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। सेना ने इन जिलों के पात्र लाभार्थियों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने की अपील की है।
आपरेशन दृष्टि के पिछले आयोजनों में भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। अब तक देशभर में आयोजित 12 शिविरों के माध्यम से 1.70 लाख से अधिक मरीजों की आंखों की जांच की जा चुकी है, जबकि 3,850 से अधिक सफल सर्जरी की गई हैं। सेना की ओर से कहा गया है कि यह अभियान सेवानिवृत्त सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
