बाजार में चिप्स, बिस्कुट, नमकीन और शीतल पेय जैसे पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चीनी, वसा और सोडियम की जानकारी बारीक अक्षरों में अंग्रेजी में दी जाती है, जिसे समझना उपभोक्ताओं के लिए कठिन बना हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने इसे स्पष्ट लिखने के निर्देश दिए हैं, लेकिन ग्राहकों में जागरूकता कम है। बहजोई (संभल) के बाजार में की गई पड़ताल में अलग-अलग उत्पादों पर चीनी, वसा और सोडियम की मात्रा दर्ज मिली, पर बारीक अक्षरों और अंग्रेजी में दी गई जानकारी आसानी से समझ नहीं आती।

एक शीतल पेय की बोतल पर प्रति 100 मिली में 11.7 ग्राम मिलाई गई चीनी दर्ज है, जबकि 200 मिली की एक सर्विंग में 23.4 ग्राम चीनी होती है। नमकीन के एक पैकेट पर प्रति 100 ग्राम में 40.3 ग्राम कुल वसा, 6.7 ग्राम संतृप्त वसा और 754 मिग्रा सोडियम लिखा है। भुने चने के हींग-जीरा स्वाद वाले पैकेट पर प्रति 100 ग्राम में 16 ग्राम कुल वसा, सात ग्राम संतृप्त वसा, 1.4 ग्राम कुल चीनी और 600 मिलीग्राम सोडियम दर्ज है। बिस्कुट के पैकेट पर भी केवल पोषण संबंधी विवरण दिया गया है।

लोगों का कहना है कि अदालत के आदेश पर अधिक चीनी, संतृप्त वसा और नमक वाले उत्पादों पर अलग-अलग चेतावनी चिह्न लगाए जाते हैं तो नए मानक लागू होने पर उपभोक्ताओं को उत्पाद चुनने में मदद मिलेगी। डॉ. वायरस यादव ने बताया कि पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय पोषण तालिका में प्रति 100 ग्राम या 100 मिली में कुल चीनी, मिलाई गई चीनी, संतृप्त वसा और सोडियम की मात्रा जरूर देखें। सामान्य नमक सोडियम क्लोराइड होता है और एक ग्राम सोडियम करीब ढाई ग्राम नमक के बराबर है। वयस्कों को पूरे दिन में पांच ग्राम से कम नमक तथा संतुलित मात्रा में चीनी और संतृप्त वसा लेने की सलाह दी जाती है। अधिक चीनी से मोटापा और मधुमेह, संतृप्त वसा से हृदय रोग तथा अधिक नमक से उच्च रक्तचाप का खतरा बढ़ सकता है।

एक उपभोक्ता शावेज ने बताया कि बाजार से नमकीन, बिस्कुट और शीतल पेय खरीदते समय कीमत और पसंद देखी जाती है, पैकेट पर चीनी, नमक और वसा की मात्रा कभी नहीं पढ़ी जाती और इसकी जानकारी भी नहीं है। मोहित कुमार ने कहा कि चीनी कम और नमक सीमित मात्रा में लेने की सलाह सुनी है, लेकिन पैकेट में इनकी मात्रा पर कभी ध्यान नहीं दिया, अब इसे जरूर देखेंगे।