सिंगापुर के प्रसिद्ध इतिहासकार प्रोफेसर हान शियांग लाउ ने तिब्बत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि तिब्बत कभी भी चीन का हिस्सा नहीं रहा। प्रोफेसर का कहना है कि उन्होंने अपने इस दावे के लिए चीनी अधिकारियों या सरकारी कार्यालयों के चीनी भाषा में लिखे गए उन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया, जिन्हें 1949 के बाद चीन ने फिर से प्रकाशित किया था। उनके मुताबिक, इन रिकॉर्ड्स में कहीं भी तिब्बत से संबंधित जानकारी नहीं है।
एक वीडियो संदेश में प्रोफेसर हान शियांग लाउ ने कहा कि उन्होंने तीन पैमानों का उपयोग किया है। पहला, ऐतिहासिक दस्तावेज या रिकॉर्ड किसी चीनी अधिकारी या चीनी सरकारी कार्यालय द्वारा चीनी भाषा में ही लिखा गया हो। दूसरा, 1949 के बाद पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना ने इसे फिर से छापा हो। तीसरा, ये रिकॉर्ड चीन, हांगकांग या ताइवान की आम पुस्तकालयों में जनता के देखने के लिए उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि इन सभी पैमानों के लिए उन्होंने चीनी रिकॉर्ड्स का इस्तेमाल किया, जो साफ तौर पर दिखाते हैं कि तिब्बत कभी भी चीन के शासन के अधीन नहीं रहा।
प्रोफेसर ने अपनी कार्यप्रणाली के तीन कारण भी बताए। उन्होंने कहा कि वह यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि चीन के पास उनके सबूतों को झुठलाने का कोई मौका न हो, क्योंकि ये उनके नहीं बल्कि चीन के ही सबूत हैं। दूसरा कारण यह है कि निकट भविष्य में तिब्बत के मुद्दे पर चीन के सामने किसी का कड़ा रुख अपनाना बहुत मुश्किल लगता है। उनकी राय में, एकमात्र उम्मीद यही है कि चीन को यह समझाया जाए कि उनके पक्ष में कुछ गड़बड़ है, और ऐसा करने का एकमात्र तरीका चीनी रिकॉर्ड्स का इस्तेमाल करना है।
उन्होंने कहा कि अपनी किताब में उन्होंने कराधान, सिविल सेवा परीक्षा, भाषाओं, मुद्रा और चीनी सैनिकों की तैनाती जैसे कई पैमानों का इस्तेमाल किया है। उनके अनुसार, इन सभी पैमानों के लिए उन्होंने चीनी रिकॉर्ड्स का उपयोग यह साबित करने के लिए किया है कि तिब्बत कभी भी चीन के शासन के अधीन नहीं रहा। बता दें कि चीन ने तिब्बत पर कब्जे की शुरुआत अक्तूबर 1950 में की थी और 23 मई 1951 को 17 सूत्रीय समझौते के बाद तिब्बत औपचारिक रूप में चीन के नियंत्रण में आ गया था।
