तेहरान: इस साल फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हवाई हमले किए थे। जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया। मार्च में ईरानी मिसाइलों ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर काफी सटीक हमले करते हुए बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया था। अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन हमलों में ईरानी सेना ने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के सैटेलाइट नेटवर्क का इस्तेमाल किया था।
द वाशिंगटन पोस्ट ने शनिवार को सूत्रों के हवाले से छपी अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने अमेरिकी सेना के खिलाफ हमलों में स्पेसएक्स की स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब यह जानकारी मस्क को मिली तो वे बहुत नाराज हुए।
कंपनी की आंतरिक चर्चाओं से वाकिफ दो लोगों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क को स्टारलिंक के दो अनधिकृत इस्तेमाल के बारे में पता चला, जो अमेरिकी सेना के खिलाफ ईरान की गतिविधियों से जुड़े थे। ईरान में स्टारलिंक को काम करने का लाइसेंस नहीं मिला है, लेकिन मस्क पहले ही कह चुके हैं कि यह सेवा वहां सक्रिय है। रिपोर्ट के अनुसार मस्क को यह भी पता चला था कि अमेरिकी सेना ने स्टारशील्ड का इस्तेमाल वन-वे ड्रोन उड़ाने के लिए किया था, जिसके लिए एक सस्ते प्लान का इस्तेमाल हुआ जो असल में जमीनी अभियानों के लिए था। स्पेसएक्स और अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से इस पर कोई जवाब नहीं आया है।
स्टारलिंक मोबाइल इंटरनेट कनेक्शन देने के लिए कम ऊंचाई वाली कक्षा में मौजूद हजारों उपग्रहों का इस्तेमाल करता है। स्पेसएक्स ने नेटवर्क के अनधिकृत इस्तेमाल को रोकने के लिए पाबंदियां बढ़ा दी हैं, जिनमें रीसेलर्स के अपने ग्राहकों पर कड़ी निगरानी रखना शामिल है। इस साल ईरान ने जिस तरह अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, उसने दुनिया का ध्यान खींचा था। अमेरिका को पश्चिम एशिया में कई जगहों से अपने सैनिक हटाने पड़े थे क्योंकि ईरानी मिसाइलें उन्हें निशाना बना रही थीं। सैन्य विशेषज्ञों ने ईरान की मिसाइल क्षमता और जंग के तरीके की तारीफ की है।
