नवंबर में भारत का रूसी कच्चे तेल का आयात तेजी से घटा है। जिंस बाजार की सूचना देने वाली कंपनी 'केप्लर' के आंकड़ों के अनुसार रूसी तेल का आयात जुलाई के लगभग 28 लाख बैरल प्रतिदिन के उच्चतम स्तर से घटकर नवंबर में करीब 16.5 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया। इससे पहले सितंबर में यह 18.7 लाख बैरल प्रतिदिन पर आ गया था और अक्टूबर में मामूली सुधार के साथ 20.5 लाख बैरल प्रतिदिन रहा था।
गिरावट के कारणों में पश्चिम एशिया से आपूर्ति में सुधार, रूसी तेल पर मिलने वाली छूट में कमी और माल ढुलाई की ऊंची लागत शामिल है। इसके चलते रिफाइनरी कंपनियों ने खरीद के स्रोतों में विविधता लाई है। पारंपरिक पश्चिम एशियाई आपूर्तिकर्ताओं, खासकर सऊदी अरब और इराक से खरीद में तेज सुधार हुआ है, क्योंकि होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते कच्चे तेल की आवाजाही धीरे-धीरे बेहतर हो रही है। इन दोनों देशों से संयुक्त आयात अक्टूबर के लगभग 10.3 लाख बैरल प्रतिदिन से बढ़कर नवंबर में करीब 16.1 लाख बैरल प्रतिदिन हो गया। रिफाइनरी कंपनियों ने ब्राजील और वेनेजुएला से भी खरीद बढ़ाई है।
केप्लर के वरिष्ठ प्रबंधक सुमित रितोलिया ने कहा कि रूस अब भी भारत का सबसे बड़ा एकल कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता बना हुआ है, लेकिन वर्ष के मध्य से इसका दबदबा कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक पश्चिम एशियाई आपूर्तिकर्ताओं से खरीद में सुधार देखा जा रहा है, जिससे रिफाइनरी कंपनियों को विकल्प मिले हैं। रितोलिया के अनुसार माल ढुलाई की ऊंची दरों और रूसी व्यापारियों की कम छूट से रूसी कच्चा तेल रिफाइनरी कंपनियों के लिए अपेक्षाकृत कम आकर्षक हो गया है।
हालांकि, रिफाइनरी इकाइयों के उच्च क्षमता उपयोग, घरेलू ईंधन की मजबूत मांग और परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात के अवसरों के सहारे भारत का कुल कच्चा तेल आयात अपेक्षाकृत मजबूत बना हुआ है। रिफाइनरी कंपनियां अब उत्पादकों द्वारा दी जाने वाली शुरुआती छूट के मुकाबले आपूर्ति की अंतिम लागत और विश्वसनीयता को अधिक महत्व दे रही हैं। देश की कच्चा तेल खरीद रणनीति के तहत रूसी तेल को पूरी तरह छोड़ने की संभावना नहीं है।
