इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पर्यावरण मंत्री मुसद्दिक मलिक पिछले हफ्ते (20-22 नवंबर) शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने दिल्ली आए थे। करीब तीन साल बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा होने से इस यात्रा की काफी चर्चा हुई। मलिक ने यहां गालिब को याद करते हुए अंग्रेजी की जगह उर्दू में बात की और दोनों देशों के रिश्तों पर सकारात्मक टिप्पणियां भी कीं।

हालांकि, पाकिस्तानी मूल के पत्रकार मोइद पीरजादा ने इस दौरे को इस्लामाबाद का दोगलापन करार दिया है। अमेरिका में रहने वाले पीरजादा का कहना है कि दो तरह की बातें करना पाकिस्तानी सेना की पुरानी चाल है। उनके मुताबिक, जब सेना को अपने लिए सुविधाजनक लगता है तो भारत के साथ युद्ध जैसे हालात पैदा कर दिए जाते हैं और यह नैरेटिव बढ़ाया जाता है कि हिंदू और मुसलमान बुनियादी तौर पर अलग हैं।

पीरजादा का कहना है कि हालात बदलने पर पाकिस्तानी सेना और सरकार के सुर अचानक बदल जाते हैं। मलिक की दिल्ली यात्रा के दौरान भी यही हुआ। उन्होंने यहां मिर्जा गालिब को याद किया, उर्दू में बात की और शेर भी पढ़े। पीरजादा के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से एक पल दुश्मनी की बात होती है तो दूसरे ही पल गालिब, उर्दू और साझा विरासत की बातें सुनने को मिलती हैं। मलिक ने दिल्ली, लखनऊ और लाहौर की समानता भी बताई। पीरजादा इसे पाकिस्तानी सेना के अपना दबदबा बनाए रखने का तरीका बताते हैं।

दिल्ली के पुराना किला में SCO फोरम को संबोधित करते हुए मलिक ने कहा था कि जहां वे बैठे हैं, उससे कुछ ही कोस दूर मिर्जा गालिब की कब्र है, इसलिए उन्होंने उर्दू में बात करने का मन बनाया। उन्होंने कहा था कि दिल्ली, लखनऊ और लाहौर शायरी के गढ़ रहे हैं और वे तहजीब की बात करने आए हैं, इसलिए गालिब याद आते हैं।