गोंडा के मनकापुर में चीनी मिल से गन्ना तौलकर लौट रहे डबल ट्राला लगे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार श्रमिक प्रदीप कुमार और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने मनकापुर-उतरौला मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दौलतियापुर अंधियारी निवासी प्रदीप कुमार अपने दोस्त हीरालाल और एक महिला के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बैरीपुररामनाथ गांव के पास मनकापुर चीनी मिल से गन्ना तौलकर लौट रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में प्रदीप कुमार और महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल हीरालाल को इलाज के लिए मेडिकल कालेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चीनी मिल पर यातायात नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मनकापुर-उतरौला मार्ग जाम कर दिया और नारेबाजी की। ग्रामीणों ने गन्ने की ढुलाई ट्रक की जगह ट्राले से कराने पर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम उदित पवार और सीओ उदित नारायण पालीवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर मार्ग पर आवागमन शुरू कराया।
कोतवाल मनकापुर तेज प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राला कब्जे में ले लिया गया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। महिला की अभी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक प्रदीप कुमार दिल्ली में मजदूरी करता था और घर में मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। उसकी दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी और एक वर्ष का बेटा है। परिवार में मातम छाया हुआ है।
