दक्षिणी कैलिफोर्निया के तट पर शनिवार को 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9:30 बजे आया। इसका केंद्र लॉस एंजिल्स के तटीय शहर मैनहट्टन बीच से लगभग 3.7 मील (करीब 6 किमी) पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में समुद्र के भीतर 7.6 मील की गहराई पर था। लॉस एंजिल्स और आसपास के इलाकों में झटके इतने तेज थे कि लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
मुख्य भूकंप के बाद भी धरती कांपती रही और कई आफ्टरशॉक्स महसूस किए गए, जिनमें एक झटके की तीव्रता 4.5 तक दर्ज की गई। भूकंप के झटके केंद्र से करीब 27 मील दूर पासाडेना तक महसूस किए गए। सांता मोनिका में इमारतें जोर से हिलने लगीं और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के अलार्म बजने लगे, जिससे डरकर लोग दुकानों से बाहर भाग खड़े हुए।
लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर भी भूकंप का असर देखने को मिला। तेज झटकों के कारण लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल की छत से कई टाइलें गिर गईं और कुछ जगहों पर कांच टूट गया। हालांकि, निरीक्षण के बाद विमानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।
लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने पुष्टि की है कि शहर के बुनियादी ढांचे को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही किसी के घायल होने की कोई खबर है। सुनामी की भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
