चीनी मीडिया ने भारत के स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम प्रोजेक्ट 'कुशा' का विस्तार से विश्लेषण किया है। शंघाई स्थित अखबार 'द पेपर' ने 29 जुलाई को प्रकाशित एक रिसर्च लेख में इसकी तकनीक, रडार सिस्टम, रेंज और भारत की एयर डिफेंस रणनीति पर चर्चा की। लेख में कहा गया है कि 23 जुलाई को जिस मिसाइल इंटरसेप्टर का परीक्षण हुआ, वह संभवतः M-2 वैरिएंट था, जिसमें सेकेंडरी जिम्बल युक्त सॉलिड रॉकेट मोटर लगी थी। हालांकि DRDO ने इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अखबार के अनुसार M1 की रेंज 150 किलोमीटर, M2 की 250 किलोमीटर और M3 की 400 किलोमीटर होने की संभावना है। 'द पेपर' ने अनुमान लगाया है कि इसमें S-बैंड रडार हो सकता है, जिसकी खतरा पहचान क्षमता करीब 500 किलोमीटर है, और यह इजरायल की EL/M-2084 रडार सीरीज पर आधारित हो सकता है। भारतीय रक्षा मंत्रालय या DRDO ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
चीनी मीडिया ने तकनीक की तारीफ के साथ 'कुशा' की समयसीमा पर सवाल भी उठाए हैं। अखबार का कहना है कि M1, M2 और M3 का परीक्षण आने वाले वर्षों में होना है, ऐसे में M2 मॉडल के पूरी तरह विकसित होने में 2030 तक का समय लग सकता है और तब तक भारत को रूसी S-400 सिस्टम पर निर्भर रहना होगा।
उल्लेखनीय है कि इसी साल 27 मार्च को रक्षा अधिग्रहण परिषद ने पांच अतिरिक्त S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने के लिए आवश्यकता की स्वीकृति जारी की थी, जिसके लिए 2.38 लाख करोड़ रुपये मंजूर किए गए। भारत के पास अभी पांच S-400 सिस्टम हैं। 'द पेपर' के अनुसार प्रोजेक्ट 'कुशा' भविष्य में S-400 के साथ इंटीग्रेट होगा, और भारत को टू-फ्रंट वॉर की चुनौती को देखते हुए एक मजबूत एयर डिफेंस नेटवर्क की जरूरत है।
अखबार ने पिछले साल 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारत के इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम का भी जिक्र किया। इसमें चार परतों वाले मिशन सुदर्शन चक्र का उल्लेख है, जिसकी बाहरी परत में S-400 और आगे चलकर प्रोजेक्ट 'कुशा' शामिल होगा, मध्यम परत में बराक-8 MRSAM या कुशा M1, और आंतरिक परत में आकाश-NG तथा QRSAM जैसे सिस्टम होंगे।
