पटियाला-संगरूर बाईपास पर पसियाना गांव के पास भाखड़ा नहर पर बना एक लोहे का पुल ढह गया। हादसे में पुल से गुजर रहे दो ट्रक टूटे हुए हिस्से में फंस गए, जिनमें से एक ट्रक में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को और फैलने तथा अधिक नुकसान होने से रोका गया। पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर एकत्र हो गए। पुल के ढहने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
सके पर मौजूद लोगों के अनुसार यह हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब कुछ वाहन पुल से गुजर रहे थे और अचानक पुल ढह गया। उस समय एक जोरदार आवाज सुनाई दी। पुल के ढहे हुए हिस्से में दो ट्रक गिर गए, जिनमें से एक ट्रक आग लगने के कारण पूरी तरह जल गया। लोगों ने बताया कि घटना से पहले पुल हिल रहा था और उसमें झटके तथा कंपन महसूस हो रहे थे। उनका कहना है कि अगर समय रहते पुल को मरम्मत के लिए बंद कर दिया जाता तो शायद इस हादसे को टाला जा सकता था।
वहां से गुजर रहे ट्रक चालक सुखविंदर सिंह ने बताया कि घटना सुबह तड़के हुई जब बाहर अंधेरा था और वाहन एक-दूसरे के पीछे चल रहे थे। उनके अनुसार सबसे पहले उनके आगे चल रहा ट्रक नीचे गिरा और उसके बाद उनका वाहन भी नीचे गिर गया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में समझ ही नहीं आया कि उनकी गाड़ी कहां गिरी है और उन्हें बाहर निकलने में बहुत मुश्किल हुई।
