ऑपरेशन सिंदूर के बाद ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल में दुनिया भर की दिलचस्पी बढ़ी है। इसी क्रम में फिलीपींस भारत के साथ एक बड़ी रक्षा डील करने की तैयारी में है, जिसमें ब्रह्मोस के अलावा आकाश एयर डिफेंस सिस्टम, पिनाका रॉकेट लॉन्चर, हेलीकॉप्टर और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग जैसे विषय शामिल बताए जा रहे हैं। फर्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलीपींस अपनी सेना के लिए ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम की कम से कम 6 अतिरिक्त बैटरी खरीदने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा वह भारत से आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की 5 से अधिक रेजिमेंट और पिनाका रॉकेट लॉन्चर खरीदने की भी योजना बना रहा है।

जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस अपनी थल सेना, नौसेना और वायुसेना के लिए आकाश एयर डिफेंस सिस्टम को लेकर भारत से बातचीत कर रहा है। फिलीपींस के रक्षा अधिकारियों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आकाश सिस्टम के प्रदर्शन और इसे दूसरे एयर डिफेंस सिस्टम के साथ जोड़ने के तरीके के बारे में जानकारी दी गई है। माना जा रहा है कि फिलीपींस वायुसेना लंबी दूरी तक मार करने वाले एयर डिफेंस सिस्टम में अधिक दिलचस्पी दिखा रही है।

भारत ने फिलीपींस को उसकी नौसेना के युद्धपोतों पर ब्रह्मोस मिसाइल लगाने का प्रस्ताव भी दिया है। यह प्रस्ताव इसलिए महत्वपूर्ण बताया जा रहा है, क्योंकि फिलीपींस ने जमीन से मिसाइल दागने वाले लॉन्चर के भारी वजन को लेकर चिंता जताई है। देश के कई इलाकों में पहाड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते हैं तथा सड़कों की हालत भी अच्छी नहीं है, जिससे भारी लॉन्चर को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, फिलीपींस ने युद्धपोतों पर ब्रह्मोस लगाने को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, क्योंकि उसकी नौसेना के युद्धपोतों में पहले से अमेरिका और दूसरे देशों के हथियार व उपकरण लगे हैं और ब्रह्मोस को इन जहाजों से जोड़ने से पहले उनमें काफी बदलाव करने होंगे।

जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस इन हथियारों की खरीद पर होने वाले भारी खर्च को देखते हुए भुगतान की शर्तों में कुछ छूट चाहता है और उसे भुगतान के लिए ज्यादा आसान व्यवस्था चाहिए। इस सवाल पर कि क्या फिलीपींस इन हथियारों की खरीद के लिए भारत की ओर से दिए जाने वाले लाइन ऑफ क्रेडिट का इस्तेमाल कर सकता है, मिली जानकारी के मुताबिक फिलीपींस में रक्षा डील के लिए विदेशों से कर्ज लेने पर कुछ पाबंदियां हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत में भुगतान और पैसे के इंतजाम का तरीका एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है।