केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल को लेकर अटकलें चल रही हैं, हालांकि सरकार की ओर से इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। इसी बीच खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद यह बैठक करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में शासन, सुधारों और कल्याण एवं विकास योजनाओं को महिलाओं तथा युवाओं तक पहुंचाने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। यह बैठक मंत्रियों को सरकार के सामने मौजूद मुद्दों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करने की कवायद का हिस्सा बताई जा रही है।
मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में हुई थी, जिसे 'चिंतन शिविर' नाम दिया गया था। उस बैठक में मंत्रिपरिषद को आठ समूहों में बांटा गया था और प्रधानमंत्री ने हर समूह के साथ अलग-अलग बातचीत के अलावा सभी मंत्रियों को सामूहिक रूप से भी संबोधित किया था। सूत्रों के अनुसार, फिलहाल सरकार की 40 से 45 कल्याणकारी योजनाएं हैं और आगामी बैठक में इन पर चर्चा की संभावना है। प्रधानमंत्री मंत्रियों से सुझाव भी ले सकते हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने संकेत दिए थे कि जल्द कैबिनेट विस्तार हो सकता है। उन्होंने कहा था कि विस्तार पहले शीतकालीन सत्र से पहले होने की संभावना थी, लेकिन अब यह सत्र से पहले होगा या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। उनके मुताबिक, बहुत जल्द विस्तार होने की संभावना है, जिसमें नए चेहरों को मौका मिल सकता है।
