राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत के पास दुनिया में युवा प्रतिभाओं का सबसे अच्छा समूह है और एसआरसीसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में इसकी झलक देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि देश के अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों को विश्वस्तरीय संस्थानों के रूप में विकसित करने की जरूरत है, ताकि भारत वैश्विक ज्ञान महाशक्ति बन सके और देश-विदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थी यहां आकर्षित हों।

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल रहा है। इस अवधि में बुनियादी ढांचे का विस्तार, डिजिटल क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव, वित्तीय समावेशन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है और व्यापारिक सुगमता को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में करीब 50 करोड़ देशवासी अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं।

विद्यार्थियों से राष्ट्रपति ने कहा कि वे अपनी आकांक्षाओं और भूमिकाओं को "भारत का, भारत द्वारा और भारत के लिए" के दृष्टिकोण से परिभाषित करें। उन्होंने कहा कि समाज और संस्थानों ने उनकी क्षमताओं को विकसित करने में योगदान दिया है, इसलिए देश के प्रति उनकी विशेष जिम्मेदारी है। उन्हें एसआरसीसी के विद्यार्थियों से यह उम्मीद है कि वे धन सृजन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का उदाहरण पेश करेंगे, वंचित वर्गों के लिए अवसर पैदा करेंगे और भारतीय जीवन मूल्यों से जुड़े रहते हुए वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करेंगे।

राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि एसआरसीसी परिवार विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलगुरु योगेश सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सम्मानित किया।