तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के शाही परिवार के प्रिंस विलियम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। इस बातचीत के दौरान वेल्स की राजकुमारी और विलियम की पत्नी कैथरीन भी मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री मोदी के साथ इस मुलाकात के बाद शाही जोड़े का भारत दौरा भी संपन्न हो गया। बता दें कि ब्रिटिश शाही परिवार का यह जोड़ा पिछले तीन दिनों से भारत में मौजूद था।
केंसिंग्टन पैलेस और प्रिंस विलियम के सोशल मीडिया हैंडल ने पीएम मोदी के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरें शेयर की हैं। केंसिंग्टन पैलेस ने इस मुलाकात को भारत में बिताए गए बेहद खास दिनों का एक उपयुक्त समापन करार दिया।
गौरतलब है कि इस यात्रा से पहले केंसिंग्टन पैलेस के एक प्रवक्ता ने दोनों देशों के बढ़ते संबंधों पर जोर दिया था। इसमें दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार, निवेश, सुरक्षा, तकनीक, शिक्षा और संस्कृति जैसे क्षेत्रों पर बल दिया गया। प्रवक्ता ने कहा कि यह मुलाकात उस रिश्ते के महत्व को दर्शाती है। साथ ही, यह भी दिखाती है कि दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने और उन्हें सेलिब्रेट करने में शाही जोड़ा कितनी अहम भूमिका निभा सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ब्रिटिश शाही जोड़े के साथ हुई मुलाकात की कुछ तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने लिखा कि वेल्स के प्रिंस और प्रिंसेस से मिलकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने 'अर्थशॉट प्राइज' के उन प्रयासों की सराहना की, जो दुनिया भर में जलवायु से जुड़े नए समाधानों को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह वैश्विक पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में भारतीय सूझबूझ को भी सामने ला रहा है। प्रधानमंत्री ने भारत-यूके व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा हाल ही में लागू हुए व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते की गति को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई, ताकि दोनों देशों के लोगों और पूरी दुनिया के लिए साझा समृद्धि सुनिश्चित हो सके।
