कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसकी प्रमुख वजह बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं हैं। राहुल गांधी ने ये बातें अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान कहीं। वह इन दिनों दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं।
यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी से भारत के युवाओं को लेकर सवाल पूछा गया था। मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के एक वर्ग में मौजूदा हालात को लेकर निराशा बढ़ रही है। इस वर्ग में मध्यवर्गीय परिवारों से आने वाले और औपचारिक शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा भी शामिल हैं, जिन्हें अपने भविष्य को लेकर उम्मीद नजर नहीं आ रही है। उनके मुताबिक, समस्या की जड़ यह है कि युवाओं को अपने लिए आगे कोई स्पष्ट भविष्य दिखाई नहीं देता।
राहुल गांधी ने युवाओं और उनके माता-पिता के बीच बढ़ती सोच की दूरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी अब अपने माता-पिता के अनुभवों और करियर से जुड़ी सलाह पर सवाल उठा रही है। उन्होंने बताया कि इस बारे में माता-पिता से भी बातचीत हुई है। युवाओं की शिकायत है कि पिछली पीढ़ी के अनुभव आज के हालात में उनके लिए कारगर नहीं हैं। उनके अनुसार, युवा अपने माता-पिता से कह रहे हैं कि जब आपके पास खुद नौकरी नहीं है और आप सफल नहीं हो पाए हैं, तो हमें वही रास्ता अपनाने की सलाह कैसे दे सकते हैं; आज के दौर में वह तरीका काम नहीं कर रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के सामने बेरोजगारी, भविष्य में सीमित अवसर और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चिंताएं बड़ी चुनौतियां हैं। इन समस्याओं को नजरअंदाज करने से उनका समाधान नहीं होगा। उन्होंने जोर दिया कि युवाओं में बढ़ती निराशा को समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि आखिर उन्हें अपने भविष्य को लेकर भरोसा क्यों नहीं है। कार्यक्रम के बाद उनका 18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का कार्यक्रम है।
