कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। रिपोर्ट्स के मुताबिक लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि भारत आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा है और देश में बेरोजगारी तथा शिक्षा व्यवस्था की बड़ी समस्याएं मौजूद हैं।

युवाओं की स्थिति पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा हालात से सबसे ज्यादा निराशा मिडिल क्लास परिवारों से आने वाले युवाओं के एक बड़े तबके में है। इन युवाओं ने औपचारिक शिक्षा पूरी कर ली है, लेकिन अब वे अपने भविष्य को लेकर तेजी से हताश हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस विषय पर अध्ययन कर रहे हैं और इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि इन युवाओं को अपना कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा है।

राहुल गांधी ने करियर के घटते अवसरों का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी वजह से युवाओं और उनके माता-पिता के बीच संवादहीनता और दूरियां बढ़ रही हैं। नई पीढ़ी पिछली पीढ़ी के अनुभवों और सलाह पर सवाल उठा रही है। माता-पिता से हुई बातचीत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि युवा अपने माता-पिता से कह रहे हैं कि जब आपके पास स्थिर नौकरी नहीं है, तो हमें उन रास्तों पर चलने की सलाह न दें जिन पर आप चले थे, क्योंकि वे तरीके अब काम नहीं करते।

राहुल गांधी की यह टिप्पणी अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा के दौरान आई है। 18 नवंबर को उनका यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो जाने का कार्यक्रम है, जहां वे छात्रों और शिक्षाविदों से संवाद करेंगे।