रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जापान के दौरे पर हैं। टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने पिछले साढ़े बारह वर्षों में भारत के विकास की चर्चा की और कहा कि देश में हो रहे बदलाव सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि भारत को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय में जो धारणा बनी है, उसे प्रवासी भारतीय सबसे बेहतर समझ सकते हैं, क्योंकि वे भारत और जापान सहित दूसरे देशों, दोनों को देखते हैं।
रक्षा मंत्री ने अपने मंत्रालय के काम का जिक्र करते हुए कहा कि जब वर्तमान सरकार बनी थी, तब देश का रक्षा निर्यात लगभग एक हजार करोड़ रुपये के आसपास था, जो अब बढ़कर करीब 40 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि रक्षा उत्पादन भी पहले करीब 40 से 46 हजार करोड़ रुपये के दायरे में था, जो अब बढ़कर 1.80 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी भारत की ताकत दर्शाती है।
राजनाथ सिंह ने भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य का जिक्र करते हुए कहा कि सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में करिश्मा किया। उन्होंने थलसेना, वायुसेना और नौसेना की तारीफ की और कहा कि तीनों सेनाओं को दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने की पूरी छूट है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अब कोई भी भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता। उल्लेखनीय है कि राजनाथ सिंह जापान की यात्रा पर हैं, जहां उन्होंने टोक्यो में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया।
