वृंदावन के श्री राधाकृष्ण स्वर्ण मंदिर धाम में भाई मनदीप नागपाल का प्राकट्योत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने संबोधन में जगतगुरु महाब्रह्मर्षि कुमार स्वामी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रपति पद तक पहुंचने में गुरुदेव की बहुत बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 22 वर्ष पूर्व राज्यसभा सांसद रहते हुए उनकी गुरुदेव से भेंट हुई थी और तब से यह आध्यात्मिक संबंध निरंतर बना हुआ है। उन्होंने गुरुदेव के बीज मंत्र विज्ञान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से लोगों को रोगों से मुक्ति दिलाने का कार्य अभूतपूर्व है और उन्होंने इसके लिए कृतज्ञता प्रकट की।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद हेमा मालिनी, उत्तराखंड के पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह तथा रामनाथ कोविंद की धर्मपत्नी और सुपुत्री सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। वृंदावन के प्रतिष्ठित संतों बालकानंद, नवलगिरि और भूपेंद्र गिरि सहित अनेक संत-महात्माओं की उपस्थिति में पूरा धाम आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।

पूर्व राष्ट्रपति ने अपनी धर्मपत्नी और पुत्री के साथ जगतगुरु के श्रीचरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रार्थना की कि गुरुदेव की कृपा और आशीर्वाद सदैव उनके परिवार पर बना रहे। हेमा मालिनी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए जगतगुरु के कार्यक्रम में उमड़ने वाली विशाल श्रद्धालु भीड़ पर आश्चर्य व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति नहीं देखी। उन्होंने अपने पुराने वृंदावन प्रवास का प्रसंग भी साझा किया, जब उन्होंने यहां नृत्य प्रस्तुति दी थी। उन्होंने जगतगुरु से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए प्रार्थना की कि गुरुदेव का आशीर्वाद सदैव बना रहे, जिससे उन्हें मथुरा की और अधिक सेवा करने की शक्ति मिलती रहे।