रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' ने सिनेमाघरों में 21 दिन पूरे कर लिए हैं। फिल्म ने अपने तीसरे बुधवार को सभी भाषाओं को मिलाकर 9.60 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। अब तक देश में इसकी कुल नेट कमाई 982.55 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि भारत में ग्रॉस कमाई 1,173.60 करोड़ रुपये बताई गई है।

दुनिया भर में फिल्म ने 582.00 करोड़ रुपये की विदेशी कमाई के साथ कुल 1755.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही रामायण ने अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा- द रूल' के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। पुष्पा-2 ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1742.10 करोड़ रुपये कमाए थे। रामायण अब दुनिया भर में सबसे ज्यादा कमाने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन गई है।

नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान के रूप में नजर आए हैं। अरुण गोविल ने राजा दशरथ, लारा दत्ता ने कैकेयी, काजल अग्रवाल ने मंदोदरी और रकुल प्रीत सिंह ने शूर्पणखा का रोल निभाया है।

नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित यह फिल्म दो पार्ट्स में रिलीज होगी। इसका संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। फिल्म का दूसरा भाग राम और रावण के बीच हुए युद्ध पर केंद्रित होगा और इसे 2028 में दिवाली के दौरान दुनिया भर में रिलीज किया जाएगा।