जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात ने दावा किया है कि रियासी जिले के 35 आतंकवादी पाकिस्तान भाग गए हैं और वहां हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये लोग सीमा पार से जम्मू-कश्मीर में हथियार, गोला-बारूद और पैसा भेजकर आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं। DGP के अनुसार, इनका मकसद जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को फिर से बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं को भड़काकर आतंकी गतिविधियों में शामिल करना है।

DGP ने बताया कि माहोर पुलिस स्टेशन को जानकारी मिली थी कि माहोर और चसाना के 30 आतंकवादी 1991 से 2003 के बीच लापता हो गए थे। जांच में पता चला कि वे कथित तौर पर पाकिस्तान चले गए, जहां उन्होंने हथियारों और गोला-बारूद की ट्रेनिंग ली। वहां से वे भारत के खिलाफ गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने दो साल पहले इन कथित आतंकवादियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की थी।

जांच में सामने आया कि ये कथित आतंकवादी अपनी जमीन बेचकर मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए फंड जुटाने में करना चाहते थे। इसी आधार पर पुलिस ने पांच आतंकवादियों की करीब 28.8 कनाल जमीन जब्त की है। पुलिस के बयान के अनुसार, ये संपत्तियां UAPA की धारा 2(1)(g)(ii) के तहत आतंकवाद से प्राप्त आय के दायरे में आती हैं और इन्हें जब्त किया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आतंकवाद को आर्थिक मदद पहुंचाने वाले स्रोतों पर रोक लगाना है।