नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायणम्' पर विवाद गहराता जा रहा है। हिंदू जनजागृति समिति (HJS) ने 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म पर आपत्ति जताते हुए हिंदुओं से थिएटर्स में इसे न देखने की अपील की है। समिति का दावा है कि फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की रामायण को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और इसे कम्युनिस्ट एजेंडा बताया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को HJS के कोऑर्डिनेटर मनोज सोलंकी ने एक बयान जारी कर कहा कि फिल्म में कई ऐसे सीन हैं जो हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। उन्होंने मेकर्स के 'क्रिएटिव फ्रीडम' के तर्क को चुनौती दी। समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी चेतावनी दी कि अगर 'रामायणम्' का चैप्टर 2 रिलीज होने से पहले उन्हें नहीं दिखाया गया तो वे मूवी के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन करेंगे।
समिति का आरोप है कि फिल्म में रावण को सामाजिक न्याय का प्रतीक बनाकर दिखाया गया है, जबकि ऋषि-मुनियों को परेशान करने और उनके आश्रम तबाह करने जैसी घटनाओं को शामिल नहीं किया गया। सोलंकी ने दावा किया कि सीता हरण और शूर्पणखा की नाक काटने से जुड़े सीन्स भी मूल कहानी से मेल नहीं खाते। उन्होंने सेंसर बोर्ड पर भी आरोप लगाया कि धार्मिक पहलुओं की ठीक से जांच किए बिना फिल्म को रिलीज की मंजूरी दी गई।
