रियलिटी शो राइज एंड फॉल सीजन-2 के विजेता और बीजेपी के पूर्व प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तेज प्रताप यादव पर फिर तीखा हमला बोला है। एक इंटरव्यू में शहजाद ने कहा कि शो के दौरान उनकी और तेज प्रताप की दोस्ती हुई थी, लेकिन शो से बाहर आने के बाद तेज प्रताप के रवैये से उन्हें काफी दुख हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि तेज प्रताप इतने डरपोक थे कि शो के दौरान बेसमेंट में जाने से भी डरते थे और रोज कहते थे कि जरूरत पड़ी तो शो छोड़ देंगे। शहजाद के मुताबिक, तेज प्रताप डर की वजह से ही शो से बाहर चले गए।

शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि शो के नतीजे पर तेज प्रताप ने वोट चोरी का आरोप लगाया, लेकिन बाद में पलटू बनकर अपना पोस्ट डिलीट कर दिया। उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह वे चुनाव हारने पर वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, उसी तरह तेज प्रताप ने शो में हार के बाद ऐसा किया। इससे पहले शहजाद ने तेज प्रताप को जोकर तक कह दिया था। एक बातचीत में उन्होंने कहा था कि वे तेज प्रताप को गंभीरता से नहीं लेते और भारतीय राजनीति में उन्हें जोकर माना जाता है। शहजाद के मुताबिक, वोट चोरी का आरोप लगाना आजकल फैशन बन गया है।

शहजाद पूनावाला ने राइज एंड फॉल सीजन-2 के विजेता घोषित करने की प्रक्रिया पर उठे सवालों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि विजेता चुनने का तरीका पूरी तरह पारदर्शी था और पिछले सीजन में भी यही प्रक्रिया अपनाई गई थी। शो के फॉर्मेट के मुताबिक फाइनल में पहुंचे रूलर्स को एक-दूसरे को वोट देना होता है। इस बार वोटिंग टाई हो गई थी, जिसके बाद 6 फाइनलिस्ट ने शहजाद के पक्ष में वोट किया और उन्हें विजेता घोषित कर दिया गया। शहजाद ने कहा कि उनकी जीत पर सवाल उठाने का कोई आधार नहीं है।

दरअसल, शहजाद पूनावाला के विजेता बनने के बाद तेज प्रताप यादव ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया था कि शो का विजेता गौतम गुलाटी को होना चाहिए था। तेज प्रताप ने लिखा था कि जनता का प्यार और समर्थन गौतम गुलाटी के साथ था, लेकिन यहां भी जनता के वोटों की चोरी कर ली गई। उन्होंने शो की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों ने शहजाद पूनावाला को विजेता बना दिया और इसे जनता के वोटों और भावनाओं के साथ धोखा बताया था। इस पोस्ट के बाद से ही शो के नतीजे और शहजाद की जीत को लेकर विवाद शुरू हो गया।