देहरादून न्यायालय ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के मामले में मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू और उनके भतीजे सतेंद्र राठौर की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अभियोजन ने साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका जताई थी।
पंचम अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश एससी एसटी एक्ट अंजलि बेंजवाल की अदालत ने बुधवार को यह फैसला सुनाया। सुनवाई के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़ीं। करीब दो घंटे चली सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों की जमानत याचिका खारिज कर दी।
कैंट थाने में दर्ज मामले के अनुसार, गिरधारी लाल साहू और सतेंद्र राठौर पर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर रेखा आर्या को चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का आरोप है। दोनों की ओर से जमानत के लिए न्यायालय में याचिका दी गई थी।
सुनवाई के दौरान सतेंद्र राठौर के अधिवक्ता ने दावा किया कि उनकी मामले में कोई भूमिका नहीं है। अभियोजन ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सतेंद्र राठौर का नाम बयानों के आधार पर शामिल किया गया है और वह मुख्य आरोपी गिरधारी लाल के साथ सभी मामलों में शामिल रहे हैं। अभियोजन ने दस्तावेज और मोबाइल फोन की बरामदगी को भी जरूरी बताया। साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका के मद्देनजर न्यायालय ने दोनों की जमानत याचिका खारिज कर दी।
