संभल में गंगा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। गंगा की रेती पर तंबुओं का शहर बसने लगा है। मेले का शुभारंभ 22 नवंबर को ध्वजा पूजन और रुद्राभिषेक के साथ होगा। प्रभारी मंत्री मेले का उद्घाटन करेंगे और प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे। वे मां गंगा का पूजन, दुग्धाभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन भी करेंगे।

मेले में कृषक गोष्ठी, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। 24 नवंबर को श्रद्धालु पवित्र गंगा स्नान करेंगे। जिला पंचायत प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

गुरुवार को डीएम मेला स्थल पर सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लेंगे। बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत ने मेला स्थल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मेला कोतवाली से लेकर पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

अपर मुख्य अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि तंबुओं के शहर को बसाने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रकाश, सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।