AI कंपनी सर्वम के सह संस्थापक विवेक राघवन ने कहा है कि भारत को विदेशी कंपनियों पर निर्भर रहने के बजाय अपने खुद के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल और इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने चाहिए, ताकि देश डिजिटल रूप से किसी दूसरे देश या कंपनी पर निर्भर न रहे। मंगलवार को बेंगलुरु टेक समिट 2026 में बोलते हुए राघवन ने कहा कि विदेशी AI मॉडल पर बढ़ती निर्भरता ऐसी ही है जैसे देश अपना डेटा बाहर भेजकर बदले में तैयार तकनीक खरीद रहा हो। उन्होंने इसकी तुलना पुराने इतिहास से की, जब कच्चा कपास विदेश जाता था और बने हुए कपड़े भारत में वापस बेचे जाते थे। उनके मुताबिक आज डेटा और AI के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है।

राघवन ने कहा कि कई लोग गर्व से कहते हैं कि भारत चैटजीपीटी का सबसे बड़ा यूजर है, लेकिन यह गर्व की बात नहीं है। उन्होंने माना कि विदेशी कंपनियों के AI मॉडल पहले से काफी बेहतर हुए हैं, लेकिन भारतीय भाषाओं की जानकारी और डेटा के मामले में ये अब भी पीछे हैं। उन्होंने कहा कि 57% भारतीय यूजर आज भी इंटरनेट अपनी मातृभाषा में इस्तेमाल करना पसंद करते हैं, इसलिए देश को भारतीय भाषाओं में तकनीक विकसित करनी चाहिए। उनके अनुसार भारत के लिए AI बनाने की पहली शर्त यही है कि इसे भारतीय भाषाओं में बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि भारत में आम लोगों के लिए AI का सबसे बेहतर इंटरफेस वॉयस होगा, क्योंकि भारतीय लोग अपनी भाषाओं में टाइप करना कम पसंद करते हैं। राघवन ने कहा कि AI को आम जनता तक पहुंचाने की आखिरी और जरूरी शर्त इसे बेहद सस्ता और सबकी पहुंच में रखना है। पिछले 10 सालों में इंटरनेट डेटा की कीमतों में भारी गिरावट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि AI चलाने का खर्च भी भारतीय ग्राहकों की जेब के हिसाब से तय होना चाहिए।

राघवन ने कहा कि इस विजन को साकार होने में एक दशक लग सकता है, लेकिन भारत को देश के भीतर अपनी क्लाउड सुविधाएं और GPU बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए, जो लोकल कंपनियों के नियंत्रण में हों। भारतीय भाषाओं वाले AI मॉडल को मजबूत करने के लिए देश को डेटासेट और बेंचमार्क भी तैयार करने होंगे।