नई दिल्ली: शाहदरा के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 4 साल के देवांश उर्फ लड्डू और 35 साल के पिंटू के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए 5 लोगों का डॉ. हेडगेवार अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा बचाव दल के आने से पहले ही मलबा हटाकर लोगों को निकालने की कोशिश शुरू कर दी थी। बाद में दमकल, एनडीआरएफ, डीडीएमए और नगर निगम की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया।
परिवार के अनुसार, दिवाली के दिन देवांश की बड़ी बहन कायरा (7) पहली मंजिल से नीचे गिर गई थी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ और उसे डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेटी की देखभाल में व्यस्त माता-पिता ने देवांश और छोटी बेटी तुष्री को न्यू कोंडली में रहने वाली बुआ के पास भेज दिया था। भैया दूज पर देवांश ने घर लौटने की जिद की और माता-पिता के साथ वापस आ गया, जबकि तुष्री बुआ के घर पर ही रही।
मंगलवार सुबह हादसे के वक्त देवांश के पिता कन्हैया बड़ी बेटी के साथ अस्पताल में थे, जबकि घर पर उसकी मां खुशबू और देवांश मौजूद थे। मकान गिरने से देवांश की मौत हो गई और खुशबू घायल हो गईं। देवांश का जन्मदिन 30 नवंबर को मनाने की तैयारी थी। हादसे के बाद परिवार सदमे में है। देवांश की बुआ ने कहा कि काश वह उनके घर पर ही रुक जाता तो उसकी जान बच जाती।
जांच में सामने आया है कि यह इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी और रेलवे ट्रैक के पास होने से ट्रेनों के आने-जाने से आसपास की इमारतों में कंपन होता है। जांच के अनुसार, मकान मालिक ने समय-समय पर कराई जाने वाली मरम्मत कभी नहीं कराई। अभी तक एमसीडी की ओर से मकान मालिक को कोई नोटिस नहीं मिला था। नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के डीएम अजय कुमार ने कहा कि एमसीडी की डीसी से बात की गई है और कार्रवाई जरूर होगी।
